जयपुर | राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा लागू परीक्षा प्रणाली, वन टाइम रजिस्ट्रेशन, ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली तथा पद संरचना का अध्ययन करने के लिए आंध्र-प्रदेश सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आयोग का दौरा किया गया।
गुरुवार को आंध्र प्रदेश राज्य के कार्मिक एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव पोला भास्कर तथा अतिरिक्त सचिव एन श्रीनिवासुलु द्वारा आयोग अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय, सचिव रामनिवास मेहता एवं मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता के साथ आयोग द्वारा किए गए विभिन्न नवाचारों सहित प्रक्रिया एवं प्रणाली संवर्धन के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उनको प्रजेंटेशन के माध्यम से पाठ्यक्रमों की समीक्षा, संशोधन एवं संरचना, प्रश्न-पत्र गुणवत्ता, मूल्यांकन व परीक्षा प्रणाली तथा पेपर सेटिंग व साक्षात्कार प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई।