सीकर | स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के शिक्षा, संघर्ष और बलिदान के 55 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संगठन का 56वां स्थापना दिवस आज ऐतिहासिक और पर्यावरणीय महत्व वाले हर्ष पर्वत पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला सचिव राकेश मुवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिले भर से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और छात्र हितों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत जिला अध्यक्ष महिपाल सिंह गुर्जर द्वारा संगठन का झंडारोहण करके की गई। इसके पश्चात देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया गया।

शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ लामबंदी
कार्यक्रम के दौरान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व काउंसलर अजयपाल सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने देश और प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों में सस्ती और सुलभ शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अजयपाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र सरकार नई शिक्षा नीति सहित विभिन्न प्रकार के बिल लाकर शिक्षा व्यवस्था के मूल ढांचे को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा का तेजी से निजीकरण करने पर तुली हुई है जिससे आने वाले समय में सार्वजनिक शिक्षण संस्थान धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि आज स्थापना दिवस के अवसर पर सभी छात्र संकल्प लें कि वे सार्वजनिक शिक्षा को बचाने के लिए अपने संघर्ष को और अधिक तेज करेंगे।

