जयपुर | बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनके मंत्रियों के कार्यक्रम से बीच में जाने पर नाराजगी जताई है। सोमवार को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल समिट के तहत जयपुर के रामबाग होटल में सोनू निगम का कॉन्सर्ट था। यह कार्यक्रम राजस्थान की शान को बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें कई नामी हस्तियां और डेलिगेट्स मौजूद थे। हालांकि, शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अन्य मंत्री कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए, जिससे सोनू निगम बेहद नाराज नजर आए।
सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इस घटना को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर राजनेताओं को किसी कार्यक्रम में जाना ही नहीं है तो उन्हें पहले ही छोड़ देना चाहिए और कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही वापस चले जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह शो के बीच में उठकर जाना, कलाकार की कद्र की कमी और उसका अपमान है।

सोनू निगम ने अपने वीडियो में सभी राजनीतिज्ञों से निवेदन किया कि वे अगर किसी शो या कार्यक्रम में भाग लेने के बाद जल्दी जाना चाहते हैं तो कार्यक्रम के शुरू होने से पहले ही वहां से निकल जाएं, ताकि कलाकारों और अन्य दर्शकों को किसी प्रकार का असुविधा न हो। उन्होंने कहा, "अगर आपको जाना ही है तो आए ही मत, शो से पहले ही चले जाइए।" सोनू ने इस घटना को कलाकारों का अपमान बताते हुए कहा कि अगर भारत में भी अन्य देशों की तरह कोई कलाकार का सम्मान होता, तो ऐसा कभी नहीं होता।