कैसे हुआ ये दर्दनाक हादसा ?
पुलिस के अनुसार, दूदू थाना क्षेत्र के एनएच-48 पर रामनगर के पास गुरूवार दोपहर को एक तेज रफ्तार टैंकर का अचानक से टायर फट गया।
जिससे टैंकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टैंकर डिवाइडर फांदते हुए दूसरी ओर से आ रही कार पर पलट गया।
इस हादसे में कार में सवार लोग टैंकर के नीचे दब गए। जिसके चलते 8 लोगों की बेह ही दर्दनाक मौत हो गई।
इसके अलावा एक बच्चा घायल हो गया जिसे जयपुर रेफर कर दिया गया है।
मरने वालों में 2 महिलाएं और 2 बच्चों समेत कुल 8 लोग शामिल हैं।
जिसने भी ये मंजर देखा, कलेजा कांप गया
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार में फंसे लोगों के शवों को क्रेन की सहायता बाहर निकाला तो वहां मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा।
कार पर टैंकर पलटने से कार पूरी तरह से कबाड़ बन गई और उसमें बैठे लोग उसमें पूरी तरह से फंस गए जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी शवों को दूदू राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने हाइवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटा कर रास्ता सुचारू करवाया। पुलिस हादसे की जांच करते हुए आरोपी टैंकर चालक की तलाश में जुट गई है।