जयपुर। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नवाचारों एवं आर्टिशिफियल इंटेलीजेंस (AI) आधारित तकनीकों से और सुदृढ़ एवं पेशेंट फ्रेंडली (patient friendly) बनाया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग की मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने इस संबंध में एम्स (AIIMS) के निदेशक को पत्र लिखा है।
इसके लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों का एक दल चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे आधुनिकतम कार्यों, नवाचारों एवं तकनीकों का अध्ययन करने हेतु नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) जाएगा।
सिंह ने बताया कि प्रदेश में विभिन्न नवाचारों के माध्यम से चिकित्सा सेवाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है, ताकि रोगियों को चिकित्सा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो तथा परिजनों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
शुभ्रा सिंह ने कहा हमारा प्रयास है चिकित्सा संस्थानों में पंजीयन, परामर्श, जांच एवं दवा प्राप्त करने के लिए रोगियों एवं परिजनों को कतारों में खड़ा होकर इंतजार नहीं करना पड़े। इसके लिए एआई (AI) एवं आईटी (IT) आधारित क्यू मैनेजमेंट सिस्टम (queue management system) विकसित किया जाएगा।