जयपुर । पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत बुधवार को सचिवालय भवन में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पशुपालन मंत्री ने विभाग के 100 दिवसीय कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 100 दिनों के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश प्रदान किए।

जोराराम कुमावत कहा कि पिछले साल लंपी की भयावहता से सबक लेते हुए हमें इस बार समय रहते सचेत होना होगा। उन्होंने इसकी रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत मई में शुरु करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
मोबाइल वेटनरी यूनिट के लिए शुरु होने वाले कॉल सेंटर की प्रगति की समीक्षा करते हुए पशुपालन मंत्री ने निर्देश दिये कि जल्द से जल्द इसे चालू किया जाए जिससे मोबाइल वेटनरी यूनिट को शुरु करने का उद्देश्य पूरा हो सके। मोबाइल वेटनरी यूनिट पशुपालकों के दरवाजे पर पशुओं के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा लेकिन इसका फायदा तभी है जब कॉल सेंटर काम करना शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि अभी जो मोबाइल यूनिट अपनी—अपनी रूट पर चल रहे हैं उनकी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए।
पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि पशु चिकित्सालयों और उप केंद्रों में दवाई की आपूर्ति सही समय पर न होने की शिकायतें मिलती हैं। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए विभाग को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए जिससे पशुपालकों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पशु चिकित्सा संस्थानों में पशुधन नि:शुल्क दवा योजना के तहत औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करायें ताकि गरीब पशुपालकों को इसका समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि हमें आने वाली समस्याओं को ध्यान में रखकर पहले से ही योजना बना लेनी चाहिए।