जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरूवार को जयपुर में चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेट्र फियाला से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने, तकनीकी क्षेत्र में नवाचार कर रोजगार सृजित करने, औद्योगिक विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर पेट्र फियाला से चर्चा की। फियाला ने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए परंपरागत स्वागत के लिए उनको धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे राजस्थान की आतिथ्य परंपरा से अत्यधिक प्रभावित हैं।
हमेशा रहे मधुर एवं मैत्रीपूर्ण संबंध
शर्मा ने कहा कि चेक गणराज्य के साथ भारत के संबंध हमेशा मधुर और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। दोनो देशों के बीच सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है। चेक नेशनल रिवाइवल के दौरान प्रमुख चेक विद्वान प्राचीन भारतीय संस्कृति से प्रेरित हुए। उन्होंने चेक और संस्कृत के बीच समानता पाई। प्राग में इंडोलॉजी की बहुत पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि योग चेक गणराज्य में लोगों के जीवन का हिस्सा बन रहा है। चेक गणराज्य के लोग 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भी भाग ले रहे हैं, जो कि प्रसन्नता का विषय है।
प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं