जयपुर | उदयपुर में मेवाड़ राजवंश के राजतिलक को लेकर पूर्व राजपरिवार में विवाद का माहौल गरमा गया है। सोमवार को पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ के बेटे और वर्तमान में नाथद्वारा के विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ का राजतिलक किया गया। राजतिलक की रस्म के बाद परंपरागत धूणी दर्शन के लिए विश्वराज सिंह अपने समर्थकों के साथ सिटी पैलेस पहुंचे, लेकिन वहां उनके चाचा अरविंद सिंह मेवाड़ के परिवार ने विरोध जताते हुए सिटी पैलेस के दरवाजे बंद कर दिए।
जिला प्रशासन ने कदम उठाते हुए बड़ी पोल से लेकर धूणी और जनाना महल तक का क्षेत्र कुर्क किया और घंटाघर थाना अधिकारी को रिसीवर नियुक्त किया है। हालांकि, विश्वराज सिंह मेवाड़ की ओर से इस आदेश में संशोधन की मांग की गई है, और एक नया आदेश तैयार किया जा रहा है।
विवाद बढ़ने पर प्रशासन ने किया हस्तक्षेप
विश्वराज सिंह के समर्थक जबरन बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने लगे, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोका। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत की, लेकिन किसी भी तरह का समझौता नहीं हो सका। इस बीच, सिटी पैलेस के अंदर से पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी गईं, जिसमें कुछ लोगों को चोटें आईं। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया, लेकिन समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
