लालसोट, राजस्थान – इतिहास केवल पुस्तकों में सीमित नहीं होता; वह तब जीवंत हो उठता है जब वर्तमान उसकी प्रेरणा को आत्मसात कर समाज में परिवर्तन लाने का माध्यम बनता है। ऐसा ही एक ऐतिहासिक क्षण बना अलीपुरा स्थित भगतावर बाबोसा मंदिर परिसर, जहाँ युवा शक्ति संयोजन और यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन (UGPF) ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 859वीं जयंती को एक सामाजिक जागरण अभियान के रूप में मनाया।
इस आयोजन में हजारों क्षत्रिय और क्षत्राणियों ने केसरिया परिधान में एक अद्भुत एकता और गरिमा का परिचय दिया। लेकिन यह केवल एक परंपरागत समारोह नहीं था—यह था युवा शक्ति के जागरण का आह्वान, शिक्षा में समरसता का संकल्प, और इतिहास की सत्यता की पुनःस्थापना का अभियान।
शिक्षा और समानता: UGPF की सेवा भावना
कार्यक्रम में UGPF के चेयरमैन श्री मेघराज सिंह रॉयल ने स्पष्ट रूप से कहा,
"समाज की असली सेवा वहीं है, जहाँ जरूरतमंद तक सहायता बिना भेदभाव के पहुँचे।"
उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में फाउंडेशन द्वारा चार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता, मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को दी गई है। इस कार्यक्रम में भी लालसोट की जिला मेरिट में चयनित दो छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु सहायता देने की घोषणा की गई — जो शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों को आत्मनिर्भरता की ओर एक सार्थक कदम है।