जयपुर | उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में संचालित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्रीमियम वंदे भारत ट्रेनों में बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों की घुसपैठ लगातार जारी है। हालांकि इन यात्रियों को वंदे भारत ट्रेन में बिना टिकट सफर करना अब काफी महंगा पड़ रहा है क्योंकि रेलवे प्रशासन ने इन पर कड़े आर्थिक दंड लगाने शुरू कर दिए हैं। रेलवे सामान्य रूप से बिना टिकट पाए जाने पर यात्री से 250 रुपये जुर्माना और किराया वसूलता है लेकिन प्रीमियम ट्रेनों के लिए यह नियम अलग है।
जुर्माने के कड़े प्रावधान
वंदे भारत प्रीमियम ट्रेनों में बिना टिकट पाए जाने पर संबंधित यात्री से किराया और एक्सेस फेयर के साथ जीएसटी की वसूली की जा रही है। इसका मतलब है कि यात्री को किराए के बराबर ही जुर्माना देना पड़ता है जिससे कुल राशि दोगुनी हो जाती है। रेलवे के इस सख्त रुख के बावजूद कई यात्री नियमों की अनदेखी कर सफर करते पकड़े जा रहे हैं।