जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का शुक्रवार को सिंगापुर स्थित भारत के दूतावास में अधिकारियों ने अभिनंदन किया। सिंगापुर में भारत के हाई कमिश्नर शिल्पक अम्बुले ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दूतावास पहुंचने पर देवनानी का अभिवादन किया।
देवनानी को अम्बुले ने बताया कि दोनों देशों के मध्य शिक्षा, तकनीकी शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों के उद्योगों में परस्पर बेहतर समन्वय है। इससे दोनों देशों के संस्थानों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में म्यूचुअल आफ अंडरस्टैंडिंग लगातार होते रहते हैं। भारतीय मूल के लोगों का सिंगापुर में प्रभावी पदों पर कार्य करने से भी भारत को व्यापारिक क्षेत्र में सुगमता से बढ़ावा मिल रहा है।
सिंगापुर केंद्रीय विश्वविद्यालय का अवलोकन किया देवनानी ने - राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि शिक्षा के क्षेत्र में भारत और सिंगापुर के बीच हमेशा से मजबूत और प्रगतिशील संबंध रहे हैं।
दोनों देश शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सिंगापुर के केंद्रीय विश्वविद्यालय, नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (एनटीयू) और सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड डिजाइन (एसयूटीडी) भारत के छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।