जालोर। पश्चिमी राजस्थान में अच्छी बारिश के चलते जवाई बांध का जलस्तर मंगलवार सुबह 57 फीट के पार पहुंच गया। इस पर भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने बांध से 50 फीट के जलस्तर तक पानी जवाई नदी में छोड़े जाने की मांग की। इसी मांग को लेकर किसानों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला परिषद सीओ को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन में पानी नहीं छोड़ा गया तो सोमवार को शहर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष रतनसिंह ने बताया कि जवाई नदी और जवाई बांध पर क्षेत्र की जीवनरेखा निर्भर है। इस बार भारी बारिश के बावजूद प्रशासन बांध के गेट खोलने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि बांध की कुल क्षमता 61.25 फीट है और वर्तमान में जलस्तर 57 फीट से ऊपर पहुंच चुका है। पानी की आवक लगातार बनी हुई है। यदि समय रहते गेट नहीं खोले गए तो अचानक पानी छोड़ने पर जालोर जिले में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
मल्केश्वर मठ में बैठक, फिर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
भारतीय किसान संघ ने मंगलवार को मल्केश्वर मठ में बैठक की, जिसमें आगे की रणनीति बनाई गई। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। अंत में सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया।