जयपुर, 11 जुलाई 2024 - राज्य के परिवर्तित बजट 2024-25 में युवाओं के लिए की गई ऐतिहासिक घोषणाओं के लिए गुरुवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने मुख्यमंत्री आवास पहुँच कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार प्रकट किया। आभार सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश के स्वर्णिम भविष्य का आधार हैं। युवाओं की ऊर्जा तथा उत्साह से राजस्थान प्रगति की एक नई इबारत लिखेगा। हमारी सरकार युवाओं के सपनों तथा उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रति पल तथा प्रति क्षण काम कर रही है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इस बजट में युवाओं के लिए इस वर्ष में 1 लाख नौकरियों की घोषणा की गई है। राज्य सरकार सार्वजनिक, निजी तथा व्यावसायिक सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उस प्रतिभा को सामने लाने की। सरकार द्वारा इस वर्ष के बजट में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, संभाग स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ जैसी घोषणाओं के माध्यम से ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को सामने लाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय युवाओं के सपनों पर कुठाराघात किया गया था और पेपरलीक जैसे मामलों से युवाओं को बड़ा आघात पहुंचा था। उन्होंने कहा कि वे युवाओं का दर्द समझते हैं तथा इन प्रकरणों में कड़ी कार्रवाई करते हुए किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

