thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
राजनीति

जालोर सिरोही लोकसभा : राम तो सभी जनमानस में है एक पार्टी का कैसे हो सकता है : अशोक गहलोत

desk desk

जालोर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत के समर्थन में बुधवार को आहोर और जालोर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए गए।

HIGHLIGHTS

  • पूर्व मुख्यमंत्री आहोर और जालोर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हुए शामिल बोले गहलोत, लोकतंत्र खतरे में, जनता ने आज नहीं सोचा तो पछताएगी कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत को समर्थन देने की अपील की गई |
ram is in everyones mind how can it belong to one party ashok gehlot
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा

जालोर | जालोर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत के समर्थन में बुधवार को आहोर और जालोर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए गए। आहोर में सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। 

जनता ने आज नहीं सोचा तो आगे बहुत पछताएगी। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट केंद्र सरकार के हाथों की कठपुतलियां हैं। भाजपा ने 8500 करोड़ रुपए का चंदा इलेक्ट्रोल बॉन्ड से लिया है। एजेंसियों का इस्तेमाल करके, डर पैदा कर यह चंदा जिस तरह से लिया गया है, यह आम जनता खूब जानती है। उन्होंने कहा कि राम जन-जन के मन में बसे हैं, जनजीवन में बसे हैं। बचपन से ही हम हनुमान की भक्ति करते आ रहे हैं। वह किसी एक पार्टी के कैसे हो सकते हैं। भाजपा जाति, धर्म की राजनीति करती है, इसलिए वह राम के नाम पर सर्टिफिकेट दे रही है कि राम किसके हैं। 

वैभव का प्रयास, रोहट से ठेठ सांचौर तक नेशनल हाईवे बनवाने का होगा

गहलोत ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने जनता के हित के लिए काफी काम किए हैं। आहोर में सीएचसी पीएससी खुलवाई, इसे नगरपालिका बनवाया, यहां स्कूल खुलवाए गए। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा, महंगाई राहत कैंप, अन्नपूर्णा फूड पैकेट, कामधेनु पशु बीमा, 100 यूनिट घरेलू और 2000 यूनिट कृषि के लिए मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं से जनता को राहत दिलवाई। उन्होंने कहा कि वैभव गहलोत का प्रयास रहेगा कि वह रोहट से ठेठ सांचौर तक नेशनल हाईवे बनवाए। सिरोही और जालोर को आपस में हाईवे से जोड़ा जाएगा। जिन क्षेत्रों में नर्मदा का पानी नहीं पहुंचा, वहां भी नर्मदा लाने का प्रयास करेंगे। जवाई बांध का पुनर्भरण कराया जाएगा। रेल और हवाई मार्ग से कनेक्टिविटी बढ़ाने के भी प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में मीणा समाज की तरफ से अशोक गहलोत का भव्य स्वागत किया गया। इससे पहले भीनमाल से आहोर आते समय मार्ग में कागमाला सहित विभिन्न स्थानों पर अशोक गहलोत का स्वागत किया गया।  

गहलोत ने लाल सिंह राठौड़ को दिया धन्यवाद

जालोर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में अशोक गहलोत ने लाल सिंह राठौड़ को पुन: कांग्रेस ज्वॉइन करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकार ने जनकल्याण के कार्य किए और सभी धर्मों, जातियों, वर्गों के लोगों को उन योजनाओं का लाभ दिलाया। अब भाजपा सरकार इन योजनाओं को बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा, अन्नपूर्णा फूड पैकेट, इंग्लिश मीडियम स्कूल जैसी योजनाओं और कार्यों को भाजपा ने बंद क्यों किया, यदि परेशानी थी तो इनका नाम बदल देते। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, आप लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट जरूरत दें। वैभव गहलोत को अपना आशीर्वाद दें।

सम्मेलन में यह हुए शामिल

आहाेर और जालोर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलनों में राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, विधानसभा प्रत्याशी सरोज चौधरी, भंवरलाल मेघवाल, रमिला मेघवाल, खुशवीर सिंह, हेम सिंह शेखावत, उम सिंह चांदराई, वीरेंद्र जोशी, महेंद्र गहलोत, करण सिंह, सवाराम पटेल, भूराराम सीरवी, गरबा राम मीना, मांगीलाल, ऐश्वर्या सांखला, कैलाश मेघवाल, छगन मेघवाल, योगेन्द्र सिंह कुम्पावत सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

गहलोत बोले, लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी मीडिया की

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जालोर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 20 साल से भाजपा सांसदों ने जालोर, सांचौर और सिरोही को उपेक्षित रखा है। यहां पानी की, ट्रेन कनेक्टिविटी की, उद्योग-धंधों से जुड़ी समस्याएं थीं, लेकिन भाजपा सांसदों ने कोई काम नहीं कराया। कांग्रेस पार्टी की जीत न हो इसलिए कांग्रेस के बैंक खातों को भी सीज करने का काम किया, यूएनओ तक में यह मामला उठा। इलेक्ट्रोरल बॉन्ड एक बड़ा घोटाला है, इस बात को भाजपा के अपने लोग भी कह रहे हैं। 10 साल में भाजपा की केंद्र सरकार कालाधन सामने नहीं ला सकी है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। ऐसे में लोकतंत्र को बचाने के लिए मीडिया की जिम्मेदारी बहुत अहम है। उन्होंने कहा कि जालोर के विकास के लिए वैभव गहलोत के साथ-साथ कांग्रेस के सभी विधायक, प्रतिनिधिगण, कार्यकर्ता एकजुट हैं और एक टीम बनाकर जालोर के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। जालोर को किसी भी कीमत पर पिछड़ने नहीं दिया जाएगा।

शेयर करें:

ताज़ा खबरें