thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
राजनीति

Kota Rajasthan: कांग्रेस ने देश को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और आतंकवाद दियाः भजन लाल शर्मा

thinQ360 thinQ360

HIGHLIGHTS

  • कोटा में आयोजित कलस्टर बैठक में कांग्रेस पर आक्रमक हुई भाजपा
  • देश ने कांग्रेस के 60 साल और नरेंद्र मोदी के 10 वर्ष का अंतर देखा है:- सीपी जोशी
cm bhajan lal sharma in kota bjp loksabha cluster
chief minister Bhajan Lal sharma and bjp leaders in kota rajasthan

कोटा | कोटा में आयोजित कोटा-बूंदी, झालावाड़ और भीलवाड़ा के भाजपा कार्यकर्ताओं की क्लस्टर बैठक में पार्टी नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्ष के शासन में देश को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और आतंकवाद दिया। कांग्रेस की नीति और नीयत सही होती तो पार्टी आज यूं हाशिए पर नहीं जाती।

जवाहर नगर क्षेत्र में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक कांग्रेस ने गरीबी हटाओं का नारा दिया, लेकिन गरीबों की दशा सुधारने के लिए कुछ नहीं किया। आज कांग्रेस की स्थिति यह हो गई है कि अपना अस्तित्व बचाने के लिए उसे छोटे-छोटे दलों के साथ उनकी शर्तों पर गठबंधन कर सीटों के लिए याचना करनी पड़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के दो कार्यकाल की चर्चा करते हुए भजन लाल शर्मा ने कहा कि पहले हर ओर भ्रष्टाचार की गूंज होती थी, आज विकास की बात होती है। पहले आए दिन धमाके और आतंकीवादी हमले होते थे, लेकिन अब चारों ओर शांति रहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, युवा, महिला किसान का कल्याण करते हुए गांव-ढाणी में रहने वाले अंतिम व्यक्ति का जीवन स्तर सुधारा है।

अपनी सरकार के तीन माह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ 90 दिन में हमने जनता से किए 45 फीसदी वादे पूरे कर दिए हैं। मध्य प्रदेश और हरियाण से ऐतिहासिक जल समझौते हुए हैं। पेपर लीक करने वालों को धर-दबोचा गया है। गरीब महिलाओं को 450 रूपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है। हमने छोटी से अवधि में इतना कुछ कर दिखाया जो कांग्रेस की सरकार पांच साल में नहीं कर सकी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि यह देश के भविष्य का चुनाव है। आने वाले समय में देश के हित में कई बड़े निर्णय होने हैं। इसके लिए देश को नरेंद्र मोदी जैसा समर्थ नेतृत्व में केंद्र में चाहिए। इसका लक्ष्य को पूरा करने के लिए भाजपा प्रण करें कि राजस्थान की प्रत्येक लोक सभा सीट पर भाजपा का प्रत्याशी कम से कम पांच लाख वोटों से जीत दर्ज करे।
---
कांग्रेस की मंशा नहीं थी कि धारा 370 हटे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोटा-बूंदी लोक सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला ने कहा कि कांग्रेस की मंशा नहीं थी कि देश से धारा 370 हटे और जम्मू और कश्मीर आतंकवाद और अलगाववाद के चंगुल से आजाद हों।

उन्होंने कहा कि लोक सभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर मैंने देखा कि जब धारा 370 और ट्रिपल तलाक हटाने जैसे कानून आए तो कांग्रेस के नेता विचलित हो गए और विरोध करने लगे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तय कर लिया था कि जम्मू-कश्मीर के लोगों और मुस्लिम बहनों को इंसाफ दिलाना है और उन्होंने जो कहा वह कर दिखाया।

बिरला ने कहा कि इस संसद ने वह समय भी देखा है जब बाबरी मस्जिद ढहाए जाने पर लोक सभा में निंदा प्रस्ताव आया और यह समय भी देखा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने की घोषणा लोक सभा में की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह देश का अमृतकाल है। देश को नरेेंद्र मोदी के रूप में एक ऐसा सक्षम नेतृत्व मिला है जिसने अपनी शरीर का कण-कण और समय का क्षण-क्षण देश को समर्पित कर दिया है। हमें उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को हर सीट पर जिताने के लिए काम करना होगा।
---
60 साल बनाम 10 वर्ष
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि देश ने कांग्रेस के 60 साल और नरेंद्र मोदी के 10 वर्ष का अंतर देखा है। आजादी से पहले कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस के साथ षड़यंत्र किया।

आजादी के बाद धारा 370 लाए, सोमनाथ मंदिर निर्माण का विरोध किया। यह कांग्रेस का ही शासन था जहां इंडिया गेट पर ब्रिटिश हुकमरानों की प्रतिमाएं लगी रहीं और भारतीय नौसेना के जहाजों पर ब्रिटिश ध्वज फहराता था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्ष में स्थितियां बदली हैं। आज देश में भारतीयों के बनाए कानून हैं, इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा है। राष्ट्रपति भवन में मुगल गार्डन की जगह अमृत उद्यान है। पहले दुनिया में भारत का अपमान होता था, अब विकसित देश भी भारत की सराहना करते हैं।

कार्यक्रम को झालावाड़ सांसद दुष्यन्त सिंह, भीलबाड़ा सांसद सुभाष बहेड़िया, शिक्षा मंत्री मदन दिलावार, ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर,प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, क्लस्टर प्रभारी नारायण पंचारिया प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी, सहित मौजूद विधायक, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों नें संबोधित किया एवं संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच नें किया स्वागत जिला अध्यक्ष राकेश जैन नें किया।

शेयर करें:

ताज़ा खबरें