आहोर | सेवा क्षेत्र की अग्रणी संस्था महावीर इंटरनेशनल ने एक बार पुनः आहोर निवासी विक्रमसिंह करणोत पर भरोसा जताते हुए उन्हें संस्थान की केन्द्रीय कार्यकारिणी में स्थान दिया है। इस महत्वपूर्ण मनोनयन के साथ, करणोत को संस्थान का क्षेत्रीय सचिव नियुक्त किया गया है, जो उनके पूर्व अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
संस्थान के नव निर्वाचित अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष सी.ए. वीर अनिल जैन ने इस अवसर पर बताया कि महावीर इंटरनेशनल ने हाल ही में अपनी स्वर्ण जयंती पूर्ण कर एक नए युग में प्रवेश किया है। इस ऐतिहासिक पड़ाव के बाद संगठन ने अपने लक्ष्यों को नई ऊंचाइयां देने का निश्चय किया है। अध्यक्ष जैन ने कहा कि अब प्रत्येक पदाधिकारी से अपेक्षा है कि वह इन लक्ष्यों को मूर्त रूप देने में सक्रिय, जागरूक एवं परिणामोंन्मुख भूमिका निभाए।
करणोत की कार्यकुशलता और अनुभव पर भरोसा
अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष जैन ने करणोत के मनोनयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कार्य कुशलता, संगठनात्मक दक्षता, अनुभव सम्पन्न नेतृत्व क्षमता, सक्रिय सहभागिता एवं सेवा के प्रति समर्पण की भावना को देखते हुए उन्हें पुनः केन्द्रीय कार्यकारिणी में स्थान देकर क्षेत्रीय सचिव जैसे महत्वपूर्ण एवं गरिमामय पद हेतु मनोनीत किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार क्षेत्रीय सचिव का पद मात्र एक पद ना होकर, संगठन के सपनों को पूरा करने की अपेक्षाओं की धुरी है, ऐसे में करणोत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने जा रही है।