thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
राजस्थान

लोकेन्द्रसिंह कालवी की जयंती मनाई: सामाजिक आरक्षण में सबसे बड़ी भूमिका लोकेन्द्रसिंह कालवी की रही : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी

thinQ360 thinQ360

HIGHLIGHTS

  • लोकेन्द्रसिंह कालवी की 67वीं जयंती पर जयपुर में आयोजन
  • बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कालवी परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में भवानी सिंह कालवी को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से सक्रिय होने में हम सभी सहयोग करेंगे।
  • उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि भवानी सिंह कालवी एक अंतरराष्ट्रीय सख्सियत हैं और उन्हें राजनीतिक —सामाजिक रूप से संवर्धन के लिए वे पूरा सहयोग करेंगे।
lokendra singh kalvi jayanti event in jaipur rajasthan cp joshi satish ponia bhawani singh kalvi rajendra rathore
lokendra singh kalvi jayanti program jaipur

जयपुर | बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा है कि सामाजिक आरक्षण व्यवस्था में सुधार और संवर्धन में सबसे बड़ी भूमिका लोकेन्द्रसिंह कालवी की रही है। यही नहीं ईडब्ल्यूएस यानि कि आर्थिक आधार पर आरक्षण का आधार कालवी का आन्दोलन ही रहा है। यह जोशी ने रविवार को जयपुर के वैशाली नगर स्थित खण्डेलवाल आडिटोरियम में आयोजित हुए लोकेन्द्रसिंह कालवी के जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए कही।

श्री राजपूत करणी सेना के शीर्ष संस्थापक लोकेन्द्र सिंह कालवी की 67वीं जयंती पर "कालवी फाउंडेशन" के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जोशी ने कहा कि कालवी परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में भवानी सिंह कालवी को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से सक्रिय होने में हम सभी सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा लागू EWS आरक्षण में सवर्णों को आरक्षण की लंबी लड़ाई लड़ने में लोकेन्द्रसिंह कालवी की सबसे महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही इतिहास संरक्षण में कालवी परिवार की भूमिका देश मे सबसे बड़ी रही है।

विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि उनका जुड़ाव छात्र जीवन से ही कल्याण सिंह कालवी से हुआ। उन्होंने कहा कि मेरी मेरी राजनीतिक यात्रा में कालवी का बड़ा सहयोग रहा। लोकेन्द्र सिंह कालवी ने निरन्तर 30 वर्षों तक समाज का नेतृत्व करते हुए देशभर में बड़े आंदोलन खड़े किए और समाज के पक्ष में परिणाम प्राप्त किए। यही नहीं उन्होंने अन्य समाजों के साथ एक तादात्म्य और संबंध स्थापित करने में भी बड़ी भूमिका निभाई।

राठौड़ ने कहा कि मेरे पर जब भी संकट आया तब कालवी परिवार मेरे लिए तैयार रहा। उन्होंने जयपुर की सड़कें नापी और हर संकट में मेरा सकारात्मक सहयोग किया। आयोजन में राजस्थान विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कालवी परिवार ने सर्व समाज के वंचितों ओर पीड़ितों की लड़ाई सदैव लड़ी है।

उन्होंने कहा कि भवानी सिंह कालवी एक अंतरराष्ट्रीय सख्सियत हैं और उन्हें राजनीतिक —सामाजिक रूप से संवर्धन के लिए वे पूरा सहयोग करेंगे। भले ही वो एक सामाजिक के नेता थे पर उन्होंने सदैव सौहार्द को बना कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि स्व. कालवी ने युवा संगठन के माध्यम से हजारों युवाओं को मंच प्रदान करते हुए हक और अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ना सिखाया। 

यह बोले भवानी सिंह कालवी
कालवी फाउंडेशन की ओर से लोकेन्द्रसिंह कालवी के पुत्र भवानी सिंह कालवी ने कहा कि मैं एक खिलाड़ी हूं और राजनीति मेरा लक्ष्य नहीं था। लेकिन पिताजी के निधन के बाद जिस तरह से सभी ने मुझे आगे बढ़ाया, प्रेरित किया है तो मेरी जिम्मेदारी है कि मैं अब अपने परिवार की सामाजिक—राजनीतिक पहचान को तीसरी पीढ़ी में आगे ले जाउं। पिछली दो आदर्श पीढ़ियों की तरह मेरे लिए समाज सदैव प्रथम रहेगा। समाज के हर वर्ग को न्याय दिलवाने के लिए धरातल पर सदैव मजबूत लड़ाई लड़ने का प्रयास करूंगा। सवर्ण आरक्षण में अभी भी विसंगतियां है, जिन्हें दूर करने के लिए हम पूरा प्रयास करेंगे। आरक्षित वर्गों में भी आरक्षण के असमान वितरण के विरुद्ध मेरे पिता स्व. लोकेन्द्रसिंह सभी समाजों के साथ खड़े रहे। मैं भी उनके नक्शेकदम पर खड़ा रहूंगा।

इस आयोजन में पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, सर्व ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, श्री राजपूत सभा के अध्यक्ष राम सिंह चंदलाई, करणी सेना के प्रधान संरक्षक प्रेम सिंह सांजू, पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया, मौसम विभाग के पूर्व महानिदेशक लक्षमण सिंह राठौड़, महानगर टाइम्स के प्रधान संरक्षक गोपाल शर्मा, एडिशनल कमिश्नर इनकम टैक्स राजेन्द्र सिंह शेखावत, वरिष्ठ पत्रकार श्रीपाल शक्तावत, भामाशाह मेघराज सिंह रॉयल, यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पराक्रम सिंह, भाजपा युवा नेता अभिमन्यु सिंह राजवी, पूर्व पार्षद भवानी सिंह राजावत, पार्षद वीरेंद्र सिंह, पार्षद गजेंद्र सिंह चिराणा, पार्षद शक्ति सिंह सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोकेन्द्रसिंह कालवी के साथ काम कर चुके और उनके साथ आंदोलनों में भागीदार रहे सर्व समाज लोगों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

शेयर करें:

ताज़ा खबरें